प्रयागराज , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नवाबगंज क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में जमीन के नीचे दबाकर रखे गए तीन ड्रमों से करोड़ों रुपये की नकदी बरामद की गई है। ड्रमों में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी थीं। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। बरामद नकदी की गिनती के लिए आयकर विभाग की टीम को सूचना दी गई है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, नकदी चार से पांच करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि गिनती पूरी होने के बाद ही होगी।

पुलिस के अनुसार, बुधवार देर शाम सूचना मिली कि बरईपुर रामनगर निवासी राकेश यादव उर्फ महाकाल के घर में चोरी के रुपये जमीन में गाड़कर रखे गए हैं। सूचना पर डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी गंगानगर पुष्कर वर्मा समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर की तलाशी के दौरान जमीन में दबाए गए तीन ड्रम मिले, जिनमें नोटों की गड्डियां भरी थीं। पुलिस ने नकदी को कब्जे में लेकर सील कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राकेश यादव का भाई बबलू यादव कई वर्षों से पुणे में रहता था। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन के समय वह अपने दो जीजा और साढ़ू के साथ गांव आया था। पुलिस को आशंका है कि बरामद नकदी का संबंध उसी दौरान गांव लाई गई रकम से हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

ग्रामीणों के मुताबिक, राकेश यादव ने पिछले कुछ वर्षों में करीब 50 बीघा जमीन खरीदी है। उसने लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से मकान बनवाने के साथ दो ट्रैक्टर और डीजे भी खरीदा है।

डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि बुधवार रात अधिक होने के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा। राकेश के घर के आसपास पुलिस तैनात की गई है। उन्होंने कहा कि जमीन के नीचे दबे तीन ड्रमों से करोड़ों रुपये मिले हैं। नकदी की गिनती पूरी होने के बाद ही बरामद रकम की सही जानकारी सामने आएगी। आयकर विभाग और संबंधित एजेंसियों को सूचना दे दी गई है। पुलिस नकदी के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित