प्रयागराज , अप्रैल 18 -- प्रयागराज में रेलवे स्टेशनों पर अवैध मानव तस्करी और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी ने छिवकी रेलवे स्टेशन से घर से नाराज होकर भाग रहीं तीन लड़कियों को बरामद कर सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक के आदेश पर प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। जीआरपी को थाना कोतवाली शहर, बलिया से सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 13201 राजगीर-पटना जनता एक्सप्रेस के जनरल कोच में तीन लड़कियां घर छोड़कर नासिक की ओर जा रही हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी छिवकी चौकी प्रभारी रामकरन सिंह अपनी टीम के साथ सक्रिय हो गए। पुलिस टीम ने छिवकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंचकर ट्रेन के आते ही सघन चेकिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान 20 वर्ष, 16 वर्ष और 15 वर्ष आयु की तीनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। तीनों बलिया जिले के ग्राम गोपालपुर, थाना कोतवाली क्षेत्र की निवासी हैं।

पूछताछ में पता चला कि तीनों किसी पारिवारिक बात से नाराज होकर घर छोड़कर नासिक जा रही थीं। जीआरपी टीम उन्हें चौकी ले आई और सुरक्षित रखने के साथ तत्काल उनके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर परिजन छिवकी चौकी पहुंचे और अपनी बेटियों को सकुशल देखकर भावुक हो उठे। जीआरपी ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तीनों लड़कियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

परिजनों ने जीआरपी की त्वरित कार्रवाई, सतर्कता और संवेदनशील रवैये की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित