प्रयागराज , सितंबर 9 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मांडा थाना क्षेत्र के भौसरा नरोत्तम गांव के भैरोपुर में मंगलवार को घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि भैरोपुर निवासी अनिल कुमार (41) का मंगलवार दोपहर किसी बात को लेकर पत्नी मंजू देवी से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर अनिल ने उसके साथ मारपीट की, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण मंजू की मौके पर ही मृत्यु हो गयी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस दोपहर करीब तीन बजे मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार को हिरासत में ले लिया।

बताया गया है कि अनिल की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी की ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु हो गयी थी। पहली पत्नी से उसके तीन नाबालिग बच्चे हैं। पहली पत्नी की मृत्यु के बाद उसने मध्य प्रदेश निवासी मंजू देवी से दूसरी शादी की थी। ग्रामीणों के अनुसार, दूसरी शादी के बाद भी दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को विवाद किस वजह से हुआ और उसने इतना गंभीर रूप क्यों लिया, इसकी जांच की जा रही है। देर रात मंजू के मायके पक्ष के लोग थाने पहुंचे और हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मुकदमे में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित