प्रयागराज , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में धूमनगंज स्थित एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में गौहत्या की आशंका को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जंगल क्षेत्र में गाेवंश के अवशेष मिलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार का बताया कि लखनपुर निवासी एक पशुपालक ने पूर्व में अपनी गाय चोरी होने की तहरीर एयरपोर्ट थाना में दी थी। आरोप है कि नूरैन, शमशेर उर्फ ट्रैक्टर, समीर और नजरे नामक व्यक्तियों ने रात में खूंटे से बंधी गाय को चुरा लिया।

पीड़ित के अनुसार, सुबह गाय के गायब होने पर वह खोजबीन करते हुए अलीना सिटी क्षेत्र के जंगलों तक पहुंचा, जहां उसे गाय की रस्सी, खाल और अन्य अवशेष मिले। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही संदिग्ध लोग कथित रूप से मांस लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और तनाव व्याप्त है। पशुपालक ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। कुछ लोगों ने क्षेत्र में गौमांस तस्करी को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित