प्रयागराज , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि क्षेत्र के उरुवा स्थित पकरी सेवार गांव निवासी सत्यनारायण सताई (28) गुरुवार को अपनी पत्नी आरती के साथ उसके मायके सीतामढ़ी गया था, जहां मेला लगा हुआ था। मेला देखने के बाद घर लौटने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद सत्यनारायण अकेले घर लौट आया, जबकि उसकी पत्नी मायके में ही रुक गई।

परिजनों ने बताया कि घर लौटने के बाद सत्यनारायण अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। शुक्रवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। काफी आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां उसका शव कमरे में छत के कुंडे से रस्सी के सहारे लटका मिला।

घटना की सूचना पर सिरसा चौकी प्रभारी प्रभाकर शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की शादी वर्ष 2019 में आरती के साथ हुई थी। दंपति की दो बेटियां हैं, जिनमें छह वर्षीय लाडो और तीन वर्षीय माही शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित