प्रयागराज , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के झूंसी क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान आठवीं और दसवीं कक्षा के चार छात्र गहराई में चले गए, जिससे वे डूबने लगे। इनमें से दो छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक की मौत हो गई और एक अब भी लापता है। लापता छात्र की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि झूंसी क्षेत्र में माघ मेला के पांच नंबर पीपा पुल के पास बीती देर शाम 14 से 16 वर्ष के चार छात्र गंगा में स्नान कर रहे थे। नहाते समय वे आगे बढ़ गए और अचानक गहराई में चले गए। एक छात्र को डूबता देख उसका साथी बचाने गया, लेकिन वह भी गहराई में फंस गया। इसके बाद दो अन्य छात्र भी मदद के लिए आगे बढ़े और सभी डूबने लगे।
शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दो छात्रों को बाहर निकाल लिया, लेकिन दो छात्र पानी में समा गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एक छात्र को बाहर निकाला, जिसकी पहचान 15 वर्षीय आदित्य पटेल के रूप में हुई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया।
लापता छात्र की पहचान 16 वर्षीय कार्तिक यादव के रूप में हुई है, जो फतेहगंज का निवासी है और झूंसी में रहकर पढ़ाई कर रहा था। झूंसी पुलिस के अनुसार देर रात तक तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। बुधवार को अब जाल डालकर और नए सिरे से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित