प्रयागराज , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के उतराव थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊष्मापुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में कंटेनर के क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विकास (28)निवासी उत्तम नगर, बीके मोहन गार्डन, पश्चिमी दिल्ली के रूप में हुई है। बताया गया कि कंटेनर दिल्ली से कोलकाता बाइक पार्ट्स लेकर जा रहा था। इसी दौरान ऊष्मापुर नेशनल हाईवे पर खड़े एक अज्ञात ट्रक में तेज रफ्तार कंटेनर से जा भिड़ा।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और क्लीनर विकास की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही उतराव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में हाईवे पर खड़े ट्रक को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार कंटेनर चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। साथ ही अज्ञात ट्रक की पहचान और संबंधित चालक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित