प्रयागराज , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मऊआइमा क्षेत्र में पुलिस भर्ती के नाम पर एक किसान से सात लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि क्षेत्र के ग्राम छाता निवासी श्यामलाल बिंद ने शिकायत में कहा है कि उनका पुत्र राम मूरत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। वर्ष 2023 में कुछ लोगों ने उसे पुलिस में भर्ती कराने का प्रलोभन दिया और चयन कराने का आश्वासन देकर सात लाख रुपये ले लिए।
पीड़ित के अनुसार, रुपये देने के लिए उन्होंने अपना खेत तक गिरवी रख दिया था। पुत्र की भर्ती नहीं होने पर आरोपियों ने ज्वाइनिंग लेटर जल्द आने की बात कहकर उन्हें टाल दिया। बाद में रुपये वापस मांगने पर भी धनराशि नहीं लौटाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि छह अगस्त 2025 को मऊआइमा थाने में शिकायत के बाद समझौता हुआ था कि रुपये वापस कर दिए जाएंगे, लेकिन आरोपियों ने वादा पूरा नहीं किया। पैसे मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस आयुक्त के आदेश पर मऊआइमा पुलिस ने ग्राम देवगलपुर निवासी अनिल कुमार यादव तथा उसके अज्ञात परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सहायक पुलिस उपायुक्त फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित