प्रयागराज , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मेजा क्षेत्र में शनिवार सुबह तालाब में भेड़ों को नहलाते समय एक किशोर की डूबने से मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोनबरसा गांव निवासी मुकेश अपने चाचा ओमप्रकाश और चचेरे भाई विशाल व विवेक के साथ भेड़ों को नहलाने लेहड़ी गांव स्थित तालाब गया था। चाचा ओम प्रकाश ने बताया कि सभी लोग तालाब में भेड़ों को नहला रहे थे। इसी दौरान एक भेड़ गहरे पानी की ओर चली गई। भेड़ को निकालने के लिए मुकेश भी गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
मुकेश को डूबता देख ओम प्रकाश ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। चाचा और भाइयों की आंखों के सामने मुकेश गहरे पानी में डूब गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसको तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित