प्रयागराज , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ट्रांसजेंडर डे के अवसर पर मंगलवार शाम किन्नर समुदाय द्वारा प्राइड परेड निकाली गई, जिसमें करीब 200 ट्रांसजेंडर्स ने हिस्सा लिया। यह परेड सुभाष चौराहा से शुरू होकर पत्थर गिरजाघर तक निकाली गई। प्रतिभागी रंग-बिरंगे परिधानों में सजे-धजे थे। किसी ने साड़ी, तो किसी ने लहंगा पहना हुआ था। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए सभी ने समान अधिकार, सम्मान और सामाजिक स्वीकार्यता का संदेश दिया।

परेड के दौरान ट्रांसजेंडर्स ने हाथों में पोस्टर लेकर 'भेदभाव बंद करो', 'आई एम गे, दैट्स ओके' और 'आई एम लेस्बियन, दैट्स ओके' जैसे नारे लगाए। कई प्रतिभागी दुल्हन के वेश में नजर आए और उन्होंने विवाह के अधिकार की भी मांग उठाई। किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरि उर्फ टीना मां ने कहा कि ट्रांसजेंडर्स भी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें दया नहीं, बल्कि अवसर और सम्मान की आवश्यकता है। उन्होंने समाज से अपील की कि ट्रांसजेंडर समुदाय को स्वीकार करते हुए उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहयोग करें। करीब डेढ़ घंटे तक चली यह परेड पत्थर गिरजाघर पहुंचकर संपन्न हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित