प्रयागराज , जून 24 -- प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर जोगेन्द्र कुमार ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, मुहर्रम की तैयारियों, एंटी भू-माफिया अभियान और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक की। बैठक में अपराधों के प्रभावी नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर ने एंटी भू-माफिया पोर्टल पर की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जिला स्तर पर चिन्हित भू-माफियाओं के खिलाफ नियमानुसार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए तथा उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के जब्तीकरण की प्रक्रिया भी तेज की जाए।
बैठक में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि 60 और 90 दिनों से लंबित मामलों का समयबद्ध, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विवेचनाओं में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आगामी मुहर्रम पर्व को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने सभी सहायक पुलिस आयुक्तों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित पैदल गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच करने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में महिला संबंधी अपराधों, हत्या, लूट और अन्य जघन्य अपराधों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस कमिश्नर ने वांछित अपराधियों, लुटेरों, चोरों, नकबजनों और चैन स्नैचरों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।
जनसुनवाई और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आम जनता को त्वरित न्याय मिल सके।
पुलिस कमिश्नर ने हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की सूची को अद्यतन करने, उनके नियमित सत्यापन तथा गतिविधियों की सतत निगरानी रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी निगरानी अपराध नियंत्रण की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय विजय ढुल, सभी पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी त्योहारों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित