प्रयागराज , अक्टूबर 24 -- कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग की ओर से रविवार को अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल संस्थान में सामाजिक न्याय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे से होने वाले सम्मेलन में वोट चोरी, संविधान की रक्षा और जातिगत जनगणना में पिछड़े वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल मुख्य अतिथि होंगे। कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जय हिंद मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' विशिष्ट अतिथि होंगी। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद सम्मेलन में उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।
मनोज यादव ने बताया कि सम्मेलन में पूर्वांचल समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से पिछड़े वर्गों के नेता और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। किसान मजदूर मंच भी इसमें भाग लेगा।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य पिछड़े वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में भागीदारी दिलाने के लिए जातिगत जनगणना की मांग को मजबूत करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जातिगत जनगणना कराने की बात तो कर रही है, लेकिन इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम नहीं होने से उनकी वास्तविक आबादी के आंकड़े सामने आने को लेकर सवाल खड़े होते हैं। सम्मेलन में जातिगत जनगणना में ओबीसी का अलग कॉलम शामिल करने की मांग उठाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में 'वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ और संविधान बचाओ' के मुद्दों पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर प्रस्तावित वोट चोरी विरोधी रैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की जाएगी।
मनोज यादव ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित