प्रयागराज , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के माघ मेले में आए साधु संतों ने कहा बंगलादेश में हिंदुओं की हो रही हत्या के विरोध में साधु संतों में नाराजगी है। गोवर्धन मठ पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरुशंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज ने भी इस पर कड़ा विरोध जताया है।
श्री अधोक्षजानंद महराज ने गुरुवार को कहा कि जिस तरह से बंगलादेश में आज हिंदुत्व खतरे में है, इससे हिंदू समाज आक्रोशित है। अब हिंदुओं को उठने का और खुद को बचाने का समय आ गया है। श्री अधोक्षजानंद महराज ने कहा कि माघ मेले में कल्पवास के बाद हमने बंगलादेश जाने का निर्णय लिया है। स्वतः अपने हिंदु भाईयों से मुलाकात करूंगा और उनका हौसला आफजाई करूंगा।
उन्होंने कहा कि बंगलादेश की सरकारी तंत्र से वार्ता करूंगा कि हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को किस तरह से रोका जाए। वहां की वर्तमान सरकार अभी तक इसे रोकने में नाकाम साबित हुई है। इसलिए वहां जल्द से जल्द चुनाव कराने जाने की आवश्यकता है। वहां कुछ शक्तियां हैं जो चुनाव में बाधा डालने का प्रयास कर रही है। लेकिन वहां मौजूदा समय में चुनी हुई सरकार का लाना अति आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित