प्रयागराज , जून 30 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज मंडल में भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान तेज करते हुए जिला प्रशासन ने जून माह के दौरान 58 नए भू-माफिया चिह्नित किए हैं। इनमें माफिया अतीक अहमद के कुछ गुर्गे और सहयोगी भी शामिल हैं। प्रशासन ने इनके विरुद्ध शीघ्र ही विधिक कार्रवाई शुरू करने की तैयारी कर ली है।

मंगलवार को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल और पुलिस महानिरीक्षक अजय मिश्रा की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में एक से 30 जून तक चलाए गए अभियान की समीक्षा की गई। बैठक में मंडल के चारों जिलों में चिन्हित किए गए भू-माफियाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार कौशांबी जिले में सर्वाधिक 21 भू-माफिया चिह्नित किए गए हैं। इसके बाद प्रयागराज में 18, प्रतापगढ़ में 15 और फतेहपुर में चार भू-माफियाओं को सूचीबद्ध किया गया है।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि चिन्हित भू-माफियाओं के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन उनके कब्जों, अवैध गतिविधियों तथा संपत्तियों की भी जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगा।

प्रशासन का कहना है कि भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सरकारी तथा सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित