प्रयागराज , अगस्त 4 -- उत्तर प्रदेश शासन द्वारा मंगलवार को किए गए वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के व्यापक तबादलों के तहत प्रयागराज मंडल को नया मंडलायुक्त मिला है। शासन ने प्रयागराज की मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल का तबादला कर उन्हें श्रमायुक्त, उत्तर प्रदेश नियुक्त किया है, जबकि 2005 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।
सौम्या अग्रवाल ने सितंबर 2025 में प्रयागराज मंडलायुक्त का कार्यभार संभाला था और वह प्रयागराज मंडल की पहली महिला मंडलायुक्त बनी थीं। वर्ष 2008 बैच की आईएएस अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) में बीटेक की शिक्षा प्राप्त की है। प्रयागराज में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने माघ मेले सहित विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी की। उनके पति अमित गुप्ता उत्तर प्रदेश सरकार में गृह सचिव हैं।
नवनियुक्त मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. वर्ष 2005 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। तबादले से पूर्व वह उत्तर प्रदेश शासन में लोक निर्माण विभाग के सचिव के पद पर कार्यरत थे। शासन ने अब उन्हें प्रयागराज मंडल की जिम्मेदारी सौंपी है।
डॉ. लोकेश एम. ने बीडीएस (बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी) की पढ़ाई के बाद सिविल सेवा में प्रवेश किया। अपने प्रशासनिक करियर के दौरान वह नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं और विभिन्न प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रयागराज के अलावा गोरखपुर, बस्ती और बरेली मंडलों में भी नए मंडलायुक्तों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही श्रम, लोक निर्माण, कृषि, ऊर्जा और औद्योगिक विकास समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित