प्रयागराज , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के बैरहना सब्जी मंडी क्षेत्र स्थित एक होटल में रविवार को भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग होटल के एक हिस्से में लगी और देखते ही देखते पूरे भवन में फैल गई। हादसे में रेस्टोरेंट और होटल परिसर में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण शुरुआती कोशिशें सफल नहीं हो सकीं।

दमकल विभाग की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से भी रोक दिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय होटल में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

यह होटल बैरहना क्षेत्र में गोल्डन मेडिसिन के पास स्थित है। पुलिस ने एहतियातन आसपास के इलाके को सुरक्षित कर लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। प्रशासन के अनुसार आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, हालांकि होटल को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। मामले की जांच और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित