प्रयागराज , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा घोषित पीसीएस-2024 के अंतिम परिणाम में प्रयागराज के शिवम विश्वकर्मा ने 55वीं रैंक हासिल कर असिस्टेंट कमिश्नर (जीएसटी) पद प्राप्त किया है। उनकी सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। शिवम के पिता आर.एन. विश्वकर्मा संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा, प्रयागराज के पद पर तैनात हैं, जबकि उनकी मां प्रतिभा विश्वकर्मा मॉडर्न घोष इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं। उनकी बड़ी बहन शिवानी विश्वकर्मा प्रयागराज के आर्य कन्या पीजी कॉलेज में अंग्रेजी की सहायक प्रोफेसर हैं। शिवम की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, अल्लापुर से हुई। इसके बाद उन्होंने जूनियर से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई ज्वाला देवी इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस से पूरी की। वर्ष 2015 में यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में उन्होंने प्रदेश में सातवीं रैंक हासिल की थी और जिले में टॉप किया था।
वर्ष 2016 में उनका चयन मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमएनआईटी), जयपुर में हुआ, जहां से उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। शिवम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उन्होंने बताया कि यह उनका पहला प्रयास था, जिसमें उन्होंने प्रतिदिन 10 से 12 घंटे अध्ययन कर यह सफलता हासिल की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित