प्रयागराज , नवंबर 01 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र के मनसैता गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के ग्राम प्रधान जानकी नाथ यादव के अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद से पुलिस और परिजन उनकी तलाश में जुटे हैं। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी आज तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, लापता जानकी नाथ यादव की शादी 29 नवंबर 2025 को ज्योति यादव के साथ हुई थी। शादी को अभी एक वर्ष भी नहीं बीता था।इस बीच मलमास होने के कारण उनकी पत्नी इस बार करवाचौथ का व्रत नहीं रख पाई थीं। इसके अलावा, प्रधान की सास की तबीयत खराब होने के कारण उनकी पत्नी एक दिन पहले अपने मायके में थीं।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन यानी 29 अक्टूबर को शाम को जानकी यादव घर आए थे। यूं तो घर आने-जाने के दो रास्ते हैं लेकिन उनका आना-जाना आमतौर पर पीछे के रास्ते से ही होता था। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, वे शाम 7:24 बजे फोन पर बात करते-करते घर से दूर जाते हुए कैमरे से गायब हो गए।परिजन छत्रपाल के मुताबिक, वे सिर्फ गमछा और बनियान पहने हुए थे और करीब 40 मिनट तक फोन पर लंबी बातचीत करते रहे। जब परिजन उन्हें खाना खाने के लिए बुलाने गए तो वे घर के बाहर नहीं थे।तब उनकी तलाश शुरू हुई। काफी प्रयास के बाद भी जब उनका कहीं पता नहीं चला, तो पीड़ित परिवार ने कल देर शाम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित