प्रयागराज , अक्टूबर 13 -- कभी माफिया अतीक अहमद की दबंगई के लिए पहचाने जाने वाले प्रयागराज के चकिया इलाके में अब गरीबों के लिए आधुनिक आवासीय योजना आकार लेने जा रही है। 15 अक्टूबर यानी बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां 602 फ्लैटों की पद्मलोक आवासीय परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रयागराज विकास प्राधिकरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्राधिकरण के सचिव विनीत कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर कभी अतीक अहमद के घोड़े बांधे जाते थे, उसी जमीन पर अब जरूरतमंद परिवारों के लिए आधुनिक आशियाने बनाए जाएंगे। लंबे समय तक माफिया की दबंगई के चलते जिस जमीन पर निर्माण की राह आसान नहीं थी, वहां अब विकास की नई तस्वीर दिखाई देने वाली है।

करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना में 9,811.35 वर्ग मीटर क्षेत्रफल पर 14 मंजिला इमारत का निर्माण प्रस्तावित है। इसमें कुल 602 फ्लैट बनाए जाएंगे। प्रत्येक फ्लैट दो बीएचके का होगा, जिसका क्षेत्रफल 56.45 वर्ग मीटर निर्धारित किया गया है. एक फ्लैट की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई जा रही है। इस आवासीय परियोजना में पार्किंग, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग और सोलर सिस्टम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है।

इसके साथ ही स्विमिंग पूल, कम्युनिटी हॉल, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और एसपीए जैसी सुविधाओं का भी प्रस्ताव बताया जा रहा है. आधुनिक निर्माण तकनीक से बनने वाली यह परियोजना चकिया की तस्वीर बदलने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा माफिया के खिलाफ कार्रवाई और अवैध कब्जों से मुक्त कराई गई जमीनों के जनहित में इस्तेमाल को लेकर लगातार सख्त रुख अपनाते रहे हैं.ऐसे में चकिया की यह परियोजना माफिया के प्रभाव वाले इलाके में विकास और गरीबों को आवास उपलब्ध कराने के संदेश के तौर पर भी देखी जा रही है।

अब सभी की निगाहें 15 अक्टूबर को होने वाले भूमि पूजन पर टिकी हैं. सवाल यह है कि कभी माफिया के रसूख से पहचानी जाने वाली इस जमीन पर बनने वाले ये फ्लैट कितने परिवारों के सपनों को अपना घर देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित