कानपुर , अक्टूबर 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 'लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ' अभियान के तहत चार नवंबर को कानपुर उत्तर में विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 25 से 30 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। अभियान की कमान भाजपा जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा को सौंपी गई है।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने प्रमोद विश्वकर्मा को अभियान का जिला संयोजक घोषित किया है। वहीं, जिला उपाध्यक्ष सीमा एमबीए और जिला मंत्री विनोद पाल को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि पदयात्रा को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी के मद्देनजर अभियान की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। प्रमोद विश्वकर्मा के नेतृत्व में होने वाला यह आयोजन भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता और कार्यकर्ताओं की एकजुटता को प्रदर्शित करेगा। 4 नवंबर को प्रस्तावित पदयात्रा पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित