बारां , जून 22 -- राजस्थान में बारां जिले के प्रभारी सचिव हरिमोहन मीणा ने सोमवार को मिनी सचिवालय में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर महत्वपूर्ण योजनाओं, बजट घोषणाओं, सेवा शिविरों एवं मानसून पूर्व बाढ़ प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की।
श्री मीणा ने योजनाओं के कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा करने, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।
उन्होंने बैठक में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करके लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिये गये। विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति पर संतोष जताते हुए लाभार्थी चयन एवं भुगतान में पारदर्शिता बनाये रखने पर बल दिया गया।
बैठक में जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित