अलवर , जून 16 -- राजस्थान में अलवर जिले के प्रभारी सचिव रवि जैन ने मंगलवार को अलवर में आयोजित शहरी सेवा शिविरों का निरीक्षण करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शिविर में पहुंचने पर अधिकारियों ने श्री जैन का स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों की स्टॉलों और शिकायत निस्तारण व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जलदाय विभाग के स्टॉल पर शिकायतकर्ताओं का रजिस्टर व्यवस्थित रूप से संधारित नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। श्री जैन स्पष्ट निर्देश दिये कि शिविर में आने वाले प्रत्येक परिवादी की शिकायत या आवेदन पहले रजिस्टर में दर्ज किया जाये और उसके बाद ही कंप्यूटर में ऑनलाइन प्रविष्टि की जाये, ताकि किसी भी शिकायत का रिकॉर्ड सुरक्षित रहे।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लगाये जा रहे इन शिविरों का लाभ आमजन को प्रत्यक्ष रूप से दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि कोई भी परिवादी अपनी समस्या के समाधान के बिना या परेशान होकर शिविर से वापस नहीं जाये। शिविरों का उद्देश्य जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है और इसके परिणाम भी धरातल पर नजर आने चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित