बारां , जून 22 -- राजस्थान में बारां जिले के प्रभारी सचिव हरिमोहन मीणा ने सोमवार को नगर परिषद के सामने सार्वजनिक धर्मशाला में आयोजित जन कल्याण शिविर और बटावदा ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविरों का औचक निरीक्षण करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान श्री मीणा ने आमजन से संवाद करके शिविरों में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और विभिन्न विभागों के काउंटरों पर पहुंचकर आवेदनों के निस्तारण की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को आवासीय पट्टों का वितरण भी किया।

जिले में आज ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के कुल 18 स्थानों पर सेवा शिविर आयोजित किये गये, जहां 22 विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। शिविरों में पेंशन, पट्टा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, बिजली एवं पानी कनेक्शन सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार मंगलवार को भी जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सेवा शिविर आयोजित किये जायेंगे। निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित