सीहोर , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिला मुख्यालय के मंडी क्षेत्र में आज प्रदेश शासन की मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने नवीन विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और भाजपा मंडल अध्यक्ष सुशील ताम्रकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी द्वारा मंडी क्षेत्र में विद्युत समस्याओं को ध्यान में रखते हुए लगभग दो करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से इस उपकेंद्र का निर्माण किया गया है।

प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि इस उपकेंद्र के शुरू होने से मंडी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा कि क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था के साथ-साथ विकास कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने सीहोर-श्यामपुर मार्ग के फोरलेन निर्माण कार्य के जल्द प्रारंभ होने की जानकारी दी।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने मंडी क्षेत्र के समुचित विकास का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुशील ताम्रकार ने अतिथियों का स्वागत कर उपकेंद्र निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित