पन्ना , मई 28 -- मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने अजयगढ़ विकासखंड के ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा पहुंचकर कुआं धंसने की दुर्घटना में मृत पांच श्रमिकों के परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की।
प्रभारी मंत्री श्री परमार ने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवारों को बेटियों की शिक्षा सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने घटना की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी लगातार पीड़ित परिवारों के संपर्क में रहेंगे। इस अवसर पर सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर ऊषा परमार तथा पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू भी उपस्थित थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित