भागलपुर, सितंबर 13 -- िहार के नगर विकास एवं जिला प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने रविवार को भागलपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों में आई आपदा एवं बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति तथा जिला प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया प्रभारी मंत्री श्री मिश्रा ने जिले के विभिन्नप्रखंडों के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए संचालित राहत शिविरों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उनके साथ कहलगांव के विधायक शुभानंद मुकेश, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) विकास कुमार, भाजपा के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार एवं जिला जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अध्यक्ष विवेका गुप्ता थे।निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले के बरारी, पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा नाथनगर के सीटीएस स्थित राहत शिविरों में जाकर प्रभावित लोगों के लिए की गयी व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी ली औरविशेष रूप से सामुदायिक रसोई के संचालन, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, चिकित्सा एवं दवा की उपलब्धता तथा आंगनबाड़ी केंद्र के जरिए बच्चों को दूध उपलब्ध कराने की व्यवस्था अवलोकन किया।

प्रभारी मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिये कि बाढ़ राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। शिविरों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य, दवा, स्वच्छता, बच्चों की शिक्षा एवं पोषण सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में आवश्यक वस्तुओं एवं सुविधाओं की उपलब्धता की नियमित समीक्षा की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।इस दौरान जगदीशपुर एवं नाथनगर के अंचल अधिकारियों (सीओ) को भी निर्देश दिया गया कि राहत शिविरों में किसी भी आवश्यक सुविधा की कमी नहीं होनी चाहिए। प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

श्री मिश्रा ने राहत शिविरों में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी एवं सुझाव भी प्राप्त किए। प्रभावित लोगों द्वारा शिविरों में उपलब्ध भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में अपनी जानकारी एवं सुझाव साझा किए गए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता एवं राहत उपलब्ध कराने के लिए समुचित व्यवस्था की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित