बेंगलुरु , जनवरी 13 -- कप्तान प्रभसिमरन सिंह की 88 रन की शानदार पारी और गेंदबाजों के सधे प्रदर्शन से पंजाब ने मध्य प्रदेश को मंगलवार को 183 रन के बड़े अंतर से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब ने 50 ओवर में छह विकेट पर 345 रन का विशाल स्कोर बनाने के बाद मध्य प्रदेश को 31.2 ओवर में 162 रन पर निपटा दिया। प्रभसिमरन को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
प्रभसिमरन ने 86 गेंदों पर 88 रन की पारी में 10 चौके और दो छक्के लगाए। हरनूर सिंह ने 51 और अनमोलप्रीत सिंह ने 70 रन का योगदान दिया। नेहाल वढेरा ने 38 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से तूफानी 56 रन बनाये। मध्य प्रदेश की तरफ से त्रिपुरेश सिंह और वेंकटेश अय्यर ने दो-दो विकेट लिए।
मध्य प्रदेश की तरफ से रजत पाटीदार ने सर्वाधिक 38 और त्रिपुरेश सिंह ने 31 रन बनाये। पंजाब की तरफ से सनवीर सिंह ने तीन और गुरनूर बरार, कृष भगत तथा रमनदीप सिंह ने दो-दो विकेट लिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित