बारां , जून 20 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को शहर के धर्मादा भवन में "प्रबुद्धजन सम्मेलन एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन" आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का विषय "संकल्प से सिद्धि के 12 साल बेमिसाल" रहा, जिसमें मोदी सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गयी। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

सम्मेलन में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मदन प्रजापति, जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा, किशनगंज विधायक डॉ. ललित मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता मदन प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, अंत्योदय और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने रक्षा, तकनीक, चिकित्सा, डिजिटल सेवाओं, आधारभूत संरचना और वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और विश्व मंच पर देश की प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य किया है। महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, रोजगार एवं स्वरोजगार, आवास, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेमनारायण सोनी ने कहा कि केंद्र सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था के कारण आमजन का विश्वास सरकार के प्रति बढ़ा है।

बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में रेलवे, सड़क, एक्सप्रेस-वे, हवाई सेवाओं एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का व्यापक विस्तार हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित