बक्सर, मई 13 -- बिहार में बक्सर जिले की प्रधान जिला न्यायाधीश काजल झांब की तस्वीर लगा थाईलैंड के विभिन्न नंबरों से बुधवार को स्थानीय अधिवक्ताओं और न्यायिक कर्मचारियों से रुपए मांगने के मामले में न्याय प्रशासन ने साइबर थाना बक्सर में मामला दर्ज कराया है।
प्रभारी प्रशासन न्यायालय बक्सर राजीव कुमार श्रीवास्तव ने आज बताया कि कतिपय अधिवक्ताओं को प्रधान जिला न्यायाधीश सुश्री झांब की तस्वीर लगी फर्जी व्हॉट्सएप मैसेज के जरिए रुपए मांगने का मामला प्रकाश में आते ही स्थानीय साइबर थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
थाईलैंड के कोड 66 से जुड़े कई नंबरों से इंटरनेट से प्रधान जिला न्यायाधीश की तस्वीर उतार कर स्थानीय अधिवक्ताओं को मैसेज किया गया है।
कुछ अधिवक्ताओं से 50000 रुपए अविलंब भेजने का अनुरोध किया गया था।
जिला अधिवक्ता संघ बक्सर के महासचिव बिंदेश्वरी पांडेय को भी फर्जी व्हॉट्सएप मैसेज 12 जुलाई की शाम को मिला था।
श्री पांडेय ने आज बताया कि फर्जी व्हॉट्सएप मैसेज को भांपकर उन्होंने तुरंत प्रधान जिला न्यायाधीश से मिल कर ऐसे गंभीर साइबर फ्रॉड से अवगत कराया।
प्रधान जिला न्यायाधीश ने इस मामले को साइबर थाना बक्सर को सूचित करने का आदेश दिया है।
इस संबंध में साइबर थाना बक्सर ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित