नयी दिल्ली, 01जून (वार्ता) कांग्रेस ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली और विभिन्न परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाना चाहिए।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में मोदी सरकार का रिकॉर्ड विनाशकारी रहा है और पिछले 12 वर्षों में देश की शिक्षा व्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचा है। सीबीएसई की साख कमजोर हुई है, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) को खोखला किया गया है, विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता प्रभावित हुई है तथा शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्था बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली को पर्याप्त तैयारी और विशेषज्ञों की चेतावनियों के बावजूद जल्दबाजी में लागू किया गया, जिसके कारण हजारों छात्रों को धुंधली, अधूरी और त्रुटिपूर्ण उत्तर पुस्तिकाओं के स्कैन प्राप्त हुए। उनका आरोप था कि लाखों छात्रों का भविष्य जोखिम में डाल दिया गया है। नीट, यूजीसी-नेट, सीयूईटी और अन्य परीक्षाओं में सामने आयी गड़बड़ियों तथा कथित पेपर लीक की घटनाओं ने देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है लेकिन सरकार इन मामलों में जवाबदेही तय करने के बजाय उन्हें छिपाने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस नेता ने सरकार से सवाल किया कि सीबीएसई की डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली में कथित खामियों, टेंडर प्रक्रिया में बदलाव, साइबर सुरक्षा मानकों में कथित ढील तथा ठेकेदार कंपनी के चयन से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। उनका कहना था कि शिक्षा क्षेत्र में लगातार हो रही विफलताओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय नहीं की जा रही है। उनका कहना था कि देश के करोड़ों छात्र और उनके अभिभावक परीक्षा प्रणाली में व्याप्त अव्यवस्था का खामियाजा भुगत रहे हैं।

श्री खेड़ा ने कहा कि भारत के शिक्षा इतिहास की सबसे बड़ी संस्थागत विफलताओं में से एक की जिम्मेदारी लेते हुए श्री प्रधान को तत्काल पद छोड़ देना चाहिए और यदि वह ऐसा नहीं करते हैं तो प्रधानमंत्री को उन्हें मंत्रिमंडल से हटा देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित