भदोही , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश के भदोही में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शनिवार को विजय मार्च निकाला और नीट पेपर लीक मामले के कारण जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में मशाल टॉकीज रोड से नगर पालिका परिषद परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक यह विजय मार्च निकाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ता कथित पेपर लीक, भर्ती तथा परीक्षा व्यवस्था की अव्यवस्था से उपजे मानसिक तनाव के कारण जान गंवाने वाले 22 विद्यार्थियों की तस्वीरें हाथों में लिये हुए थे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर 22 दिवंगत छात्र-छात्राओं की स्मृति में कैंडल जलाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा का संकल्प भी लिया गया।

इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस समिति के संयोजक एवं भदोही प्रभारी दयाशंकर पांडेय ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और देशभर के छात्रों के संघर्ष का पहला परिणाम सामने आया है और श्री प्रधान को पद छोड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की दो प्रमुख मांगें अभी भी शेष हैं जिनमें जंतर-मंतर पर विद्यार्थियों और कांग्रेस नेताओं पर हुए लाठीचार्ज के दोषी पुलिस अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा उस घटना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह देश से सार्वजनिक माफी मांगें।

श्री अंसारी ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों विद्यार्थियों छात्रों के संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सड़क से संसद तक छात्रों की आवाज बुलंद की है और जब तक शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी नहीं होगी, पेपर लीक पर प्रभावी रोक नहीं लगेगी तथा छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दुबे 'राजन', जिला उपाध्यक्ष मुशीर इकबाल और नगर अध्यक्ष सरफराज अहमद ने संयुक्त रूप से कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित