बड़वानी , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के वरला थाने में पदस्थ 35 वर्षीय प्रधान आरक्षक रवि कनासे ने महाराष्ट्र के सांगवी थाना क्षेत्र के जंगल में कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सेंधवा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अजय वाघमारे ने बताया कि कनासे ने वरला से करीब 30 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के सांगवी थाना क्षेत्र के जंगल में एक पेड़ से फांसी लगाकर जान दी। घटना की सूचना शुक्रवार शाम करीब 4.30 बजे स्थानीय पुलिस को मिली। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव को महाराष्ट्र के शिरपुर स्थित मोर्चरी में रखा गया है और शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार कनासे गुरुवार रात करीब 11.30 बजे से लापता थे। वह अपनी पत्नी और दो पुत्रों के साथ वरला थाना परिसर स्थित शासकीय आवास में रहते थे। वरला थाना प्रभारी नारायण रावल ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11.30 बजे कनासे थाना परिसर के बाहर अपने साथियों के साथ बातचीत कर रहे थे और सामान्य दिखाई दे रहे थे। उनके व्यवहार से किसी तरह के तनाव का पता नहीं चला था। इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी से भोजन तैयार रखने को कहा और दोपहिया वाहन से वहां से चले गए।

पुलिस के अनुसार कनासे पत्नी के फोन का जवाब दे रहे थे, लेकिन अन्य लोगों के फोन रिसीव नहीं कर रहे थे। बाद में उन्होंने एक परिचित से घर से कार की चाबी लेकर कार अंबा लाने को कहा। परिचित कार लेकर वहां पहुंचा, लेकिन कनासे अपनी दोपहिया लेकर वहां से निकल गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया घटना के पीछे व्यक्तिगत कारण होने की आशंका है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कनासे मूल रूप से खरगोन जिले के निवासी थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित