बागेश्वर , जुलाई 19 -- उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में अपने ही स्कूल के प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या करने वाले प्रशासनिक अधिकारी को रविवार को जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को बागेश्वर जिले के झिरौली थाना के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टमटा की स्कूल में ही तैनात प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सिरोड़ी ने हत्या कर दी थी।
प्रधानाचार्य श्री टमटा घटना के वक्त घर से निकल कर पैदल स्कूल जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में घात लगाए आरोपी ने उन पर पीछे से वार कर दिया। उनकी पीठ और पेट में गहरे घाव थे। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने आरोपी को कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ हत्या और अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। साथ ही प्रकरण की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मनीष कुमार को सौंप दी थी।
श्री मेहरा के अनुसार आज आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। साथ ही फोरेंसिक टीम की ओर से कुछ डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए और उसके बाद अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी को अल्मोड़ा स्थित जिला कारागार भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित