हैदराबाद , मई 02 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 मई को अपनी तेलंगाना यात्रा के दौरान लगभग 7,823 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने शनिवार को मेडक जिले के रामायमपेट में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद श्री मोदी की राज्य की यह पहली यात्रा होगी।

उन्होंने बताया कि इन प्रमुख परियोजनाओं में जहीराबाद में एक औद्योगिक शहर की स्थापना, वारंगल में एक टेक्सटाइल पार्क और पीएम मित्र काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क शामिल हैं।

श्री राव ने कहा कि इसके अलावा हफीजपेट और जोगुलम्बा रेलवे स्टेशनों पर विकास कार्य और साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार भी इस कार्यक्रम का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि बाद के चरणों में वारंगल कोच फैक्ट्री और एक हवाई अड्डे जैसी बड़ी परियोजनाओं को भी शुरू किए जाने की उम्मीद है।

तेलंगाना भाजपा 10 मई को प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान उनके संबोधन के लिए एक जनसभा की तैयारियां कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित