कानपुर , जून 22 -- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत कानपुर नगर में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। जिले में अब तक 37,844 आवासों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे 132.09 मेगावाट की सौर ऊर्जा क्षमता विकसित हुई है। योजना के क्रियान्वयन में कानपुर नगर प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सोलर संयंत्रों की स्थापना, सब्सिडी वितरण, बैंक ऋण स्वीकृति तथा अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जनपद में स्थापित 37,844 रूफटॉप सोलर संयंत्रों में से 36,032 लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जा चुका है। इससे हजारों परिवार स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग कर रहे हैं तथा उनके बिजली खर्च में भी कमी आई है। बैठक में यह भी बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से 21 जून तक 10,249 नए सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। वर्तमान वित्तीय वर्ष में जनपद को 42,684 सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
जिलाधिकारी ने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा 30 जून तक ऋण स्वीकृति प्रक्रिया में अपेक्षित प्रगति लाई जाए। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने डिस्कॉम अधिकारियों को स्थापित सोलर संयंत्रों का सत्यापन निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा लाभार्थियों को योजना का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्थापना कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिक से अधिक परिवारों को योजना से जोड़ने के लिए संबंधित विभागों को पूरी गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, परियोजना अधिकारी नेडा राकेश पाण्डेय, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, डिस्कॉम अधिकारी तथा सोलर वेंडर उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित