चंडीगढ़ , मई 19 -- केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल करने वाले बच्चों को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि पुरस्कार के लिए छह श्रेणियां तय की गयी हैं। इनमें वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला और संस्कृति तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बालक-बालिका आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए 31 जुलाई 2026 को आयु 18 वर्ष से कम होनी चाहिए। नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। आवेदन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है।
पुरस्कार का उद्देश्य कम उम्र में असाधारण सफलता हासिल करने वाले और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने बालक-बालिकाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित