भुवनेश्वर , अक्टूबर 22 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 25 अक्टूबर को ओडिशा के खोर्धा जिले में 170 करोड़ रूपये के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही ओडिशा के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूती मिल जायेगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता जतिन मोहंती ने गुरुवार को प्रधानमंत्री के आगामी राज्य दौरे का स्वागत करते हुए इस परियोजना को ओडिशा की एक प्रमुख प्रौद्योगिकी और डिजिटल नवाचार हब बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।

खोर्धा जिले में जटनी के पास स्थापित किया जा रहा यह डेटा सेंटर ओडिशा के डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, डेटा सुरक्षा को बढ़ाने और राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विस्तार में मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

श्री मोहंती ने कहा कि यह सुविधा नागरिकों के डेटा को सुरक्षित रखने और साइबर सुरक्षा को डिजिटल विकास के अग्रभाग में रखने में योगदान देगी। उन्होंने इस केंद्र की स्थापना को ओडिशा के लिए गर्व का विषय बताया और कहा कि आरबीएआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की राज्य में उपस्थिति डिजिटल क्षेत्र के विकास में तेजी लाएगी और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा की स्थिति को मजबूत करेगी।

श्री मोहंती ने कहा कि यह परियोजना प्रौद्योगिकी संचालित उद्योगों और सेमीकंडक्टर से जुड़े निवेशों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभरने की ओडिशा की क्षमता में प्रधानमंत्री मोदी के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से राज्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए नए अवसर पैदा होंगे और इसकी तकनीकी क्षमताओं को मजबूती मिलेगी।

श्री मोहंती के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 25 अक्टूबर को दोपहर 4 बजे भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और फिर एआई डेटा सेंटर का उद्घाटन करने के लिए खोर्धा जिले जाएंगे। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री के वापस भुवनेश्वर लौटने और शाम लगभग 7 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित