मैसूर , अगस्त 01 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र (विवेक स्मारक) का उद्घाटन किया।

उल्लेखनीय है कि विवेक स्मारक की स्थापना नवंबर 1892 में अपनी देशव्यापी यात्रा के दौरान स्वामी विवेकानंद की मैसूर की ऐतिहासिक यात्रा की याद में की गई थी। विवेकानंद ने अपने प्रवास के दौरान यहां विमर्श किए, विद्वानों और भक्तों के साथ बातचीत की तथा महाराजा श्री चामराजेंद्र वाडियार-10 का संरक्षण प्राप्त किया, जिनके समर्थन से बाद में 1893 में शिकागो में धर्म संसद (पार्लियामेंट ऑफ रिलीजन) की उनकी यात्रा संभव हो सकी।

ऐतिहासिक निरंजन मठ परिसर में बने इस स्मारक का विस्तार 81,000 वर्ग फुट में है और इसमें एक मुख्य भवन, एक एनेक्स ब्लॉक शामिल है, जिसमें 4-डी अनुभव केंद्र, एक प्रदर्शनी हॉल, 700 सीटों वाला एम्फीथिएटर, कक्षाएं, सम्मेलन कक्ष, एक पुस्तकालय, एक वाचनालय, ध्यान और योग हॉल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित