भोपाल , अक्टूबर 07 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को मध्यप्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर सहित पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश शासन के मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा विकसित भारत के संकल्प की प्रेरणादायी यात्रा है। आज भारत वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने नई मजबूती और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए अनेक ऐतिहासिक संकल्पों को पूरा किया है। भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर हो या समान नागरिक संहिता की दिशा में उठाए गए कदम, यह नए भारत की तस्वीर है।
श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा संघर्ष से संकल्प तक, संगठन से शासन तक और गुजरात से लेकर देश के नेतृत्व तक करोड़ों भारतीयों के विश्वास, समर्पण और सेवा की प्रेरणादायी कहानी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के भाव के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल में कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल ने देश को नई दिशा दी है। वर्ष 2014 में देश जिन परिस्थितियों से गुजर रहा था, उनसे भारत को बाहर निकालकर आज विश्व मंच पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का कार्य प्रधानमंत्री ने किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि प्रत्येक देशवासी का संकल्प है।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प को राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित करे तथा ज्ञान, नवाचार, प्रौद्योगिकी और रचनात्मकता की शक्ति से चुनौतियों को अवसर में बदलने का प्रयास करे।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने मुरैना में कहा कि प्रधानमंत्री के जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। विकसित भारत-2047 का संकल्प सभी का साझा संकल्प है और भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।
केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने धार में कहा कि प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल ने बड़वानी में बताया कि देश के 750 जिलों में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जा रही है।
भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार ने देवास में कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और अंत्योदय के प्रति समर्पित रहा है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में नए आयाम स्थापित किए हैं।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भोपाल में कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का जनसेवा का सफर राष्ट्र के प्रति समर्पण, गरीब कल्याण और अंत्योदय की भावना का उदाहरण है। उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा में कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज जिस ऊंचाई पर पहुंचा है, उसकी पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प में सभी से योगदान देने का आह्वान किया।
इसी तरह प्रदेश शासन के मंत्रियों, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, सागर, नरसिंहपुर, खंडवा, झाबुआ, रतलाम, शाजापुर, रायसेन और अन्य जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की तथा विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की शपथ दिलाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित