पटना , मई 20 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में दिए गए बयान की कड़ी आलोचना करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और नकारात्मक सोच का परिचायक बताया है। श्री चौधरी ने बुधवार को एक्स पर जारी बयान में कहा कि लगातार चुनावी हार और निराशा का असर राहुल गांधी के शब्दों और व्यवहार में साफ दिखाई देने लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार के शासनकाल में भ्रष्टाचार सरेआम दिखता था और उनकी सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को ताक पर रखा दिया था।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद पर लगाम लगी है और देश में लोकतंत्र मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि दुनिया के देश आज भारत को सम्मान की नजर से देखते हैं ।

बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने केवल प्रधानमंत्री का ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं का भी अपमान किया है।

श्री चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी गलती मानते हुए प्रधानमंत्री से अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित