पटना , मई 30 -- बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने असम और मेघालय प्रवास के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।
डॉ. कुमार ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और इससे देश में सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन का नया दौर प्रारंभ हुआ है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जनभागीदारी से होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाए तथा समाज में शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाए।
श्री कुमार ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों और बिहार के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक तथा आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वहां रह रहे बिहार मूल के लोगों से संवाद तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनने का अवसर मिला और विकास संबंधी विषयों को वह संबंधित स्तर पर उठाने की कोशिश करेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वह कौशल विकास, नवाचार, खेल, विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़कर राष्ट्र की प्रगति में योगदान दें। युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित बिहार की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण तथा रोजगार सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से इन योजनाओं का लाभ उठाने तथा समाज के जरूरतमंद लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित