हैदराबाद , अगस्त 02 -- तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ने की बात करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार 'विकसित भारत' और 'विकसित तेलंगाना' बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
श्री राव ने अमेरिका में 19वें अमेरिकन तेलुगु एसोसिएशन (एटीए) सम्मेलन और युवा अधिवेशन के दौरान बाल्टीमोर में भाजपा समर्थकों और शुभचिंतकों के साथ एक मुलाकात में भाजपा के तेलंगाना में एकमात्र भरोसेमंद विकल्प के रूप में तेजी से उभरने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी का बेहतर होता चुनावी प्रदर्शन, जिसमें राज्य से आठ लोकसभा सीटें जीतना और हाल ही में विधान परिषद चुनाव में जीत हासिल करना शामिल है, जनता के बढ़ते समर्थन को दिखाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित