हल्द्वानी , सितंबर 16 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उत्तराखंड के नैनीताल जिले में 17 सितंबर को करीब एक लाख दीये जलाए जाएंगे। इनमें नैनी झील के आसपास 18 हजार दीयों से दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने अभियान के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविंद कुमार पाण्डेय को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किया है।

इस अभियान में सूचना एवं लोक संपर्क, पर्यटन, धर्मस्व, पंचायती राज, शिक्षा, उच्च शिक्षा, ग्राम्य विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, नगर निकाय समेत विभिन्न विभागों की भागीदारी रहेगी।

'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को अमृत सरोवरों, जन औषधि केंद्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। प्रशासन ने इसे जनसहभागिता और सेवा भावना से जोड़ते हुए व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की है।

अभियान के दौरान विद्यालयों और महाविद्यालयों में 'मेरा सपनों का भारत' विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं होंगी। विकसित भारत-2047 तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। शैक्षणिक संस्थानों और ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए योजनाओं और सेवा गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।

'आंगन मिलन सेवा' के तहत आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बाल विकास से संबंधित जानकारी देंगे। वहीं 'सेवा की कहानी' कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरक कहानियां, भाषण, चित्रकला और वीडियो के जरिए साझा की जाएंगी।

अभियान में 'सेवा ज्योति कलश यात्रा', 'सेवा मेरा योगदान', 'सेवा सेतु अभियान' और 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वदेशी और खादी अपनाने का संकल्प दिलाया जाएगा। 'वोकल फॉर लोकल' के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम होंगे। 'फिट इंडिया' के तहत विद्यालयों और महाविद्यालयों में खेल प्रतियोगिताएं, योग, दौड़, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को कार्यक्रमों की प्रतिदिन की रिपोर्ट के साथ फोटो और वीडियो प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले के लोगों से 'सेवा संकल्प अभियान' के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित