अंबाला छावनी , अक्टूबर 12 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज के सभी वर्गों के कल्याण और समावेशी विकास के लिए कार्य कर रही है।
श्री विज महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अंबाला छावनी स्थित अग्रवाल धर्मशाला में अग्रवाल सभा की ओर से आयोजित भक्ति संगीत संध्या में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अग्रवाल सभा की सामाजिक कल्याण परियोजनाओं के लिए अपने विवेकाधीन कोष से पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
श्री विज ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन और कार्यों में अपनाने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों से जुड़े सभी लोगों को महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों का अध्ययन कर उन्हें शासन व्यवस्था में शामिल करना चाहिए। यदि देशभर की सरकारें उनके आदर्शों का पालन करें, तो भारत विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर सकता है।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन एक महान शासक होने के साथ-साथ कुशल समाजशास्त्री और अर्थशास्त्री भी थे। उन्होंने सामाजिक उत्तरदायित्व, पारदर्शी व्यापार, सामूहिक कल्याण और समावेशी विकास के सिद्धांतों को बढ़ावा दिया। उनके विचार आज भी सरकारों और सामाजिक संस्थाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
श्री विज ने महाराजा अग्रसेन के एक रुपये और एक ईंट के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके राज्य में आने वाले प्रत्येक नए व्यक्ति को एक ईंट और एक रुपया देने की परंपरा थी। ईंट से उसे घर बनाने में मदद मिलती थी, जबकि रुपये से वह अपना व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकता था। यह व्यवस्था समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सहयोग देने और उसे आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने की भावना को दर्शाती है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि व्यवसायों को पूरी पारदर्शिता के साथ काम करना चाहिए और अपनी आय का एक हिस्सा समाजसेवा के लिए समर्पित करना चाहिए। उन्होंने अग्रवाल सभा की ओर से संचालित सामाजिक सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था महाराजा अग्रसेन के विचारों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
श्री विज ने कहा कि हरियाणा की जनता ने लगातार तीन बार भाजपा को सरकार बनाने का अवसर दिया है और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने पहले कार्यकाल में लाल किले की प्राचीर से स्वच्छता का आह्वान किया, जिसके बाद स्वच्छ भारत मिशन शुरू किया गया। इसके तहत जिन परिवारों के घरों में शौचालय नहीं थे, उन्हें यह सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, जिससे महिलाओं को पारंपरिक ईंधन के इस्तेमाल से होने वाली परेशानियों से राहत मिली। इसके अलावा, घरों तक नल से पानी पहुंचाने और आयुष्मान योजना के माध्यम से पात्र लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी कदम उठाए गए हैं।
श्री विज ने प्रधानमंत्री जन-धन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से लोगों के बैंक खाते खोले गए, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने में मदद मिली। किसानों को भी पात्र योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिकों का जीवन बेहतर बनाना, आर्थिक समावेशन को बढ़ावा देना और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार महाराजा अग्रसेन के जनकल्याणकारी आदर्शों के अनुरूप कार्य कर रही है।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर श्री अनिल विज का अग्रवाल सभा के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। इनमें सुभाष गोयल, हंसराज अग्रवाल, भूषण गुप्ता, प्रदीप गोयल, राजीव अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, आशुतोष गुप्ता, आशीष अग्रवाल और महेश चंद अग्रवाल सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
भक्ति संगीत संध्या में भाजपा नेता ललिता प्रसाद, रवि बुद्धिराजा, प्रवेश शर्मा, डॉ. दिनेश, अजय बवेजा, शैलेन्द्र खन्ना और अनिल बहल सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित