पटना, मई 20 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि वह देश की जनता को गुमराह करने और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं।‎ श्री सरावगी ‎ने आरोप लगाया की कि श्री गांधी निराधार आरोपों तथा नकारात्मक राजनीति के माध्यम से देश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं।

‎ श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश की विदेश नीति, आर्थिक नीति और सुरक्षा व्यवस्था को वैश्विक स्तर पर सम्मान मिल रहा है। भारत आज दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है,लेकिन राहुल गांधी लगातार ऐसे बयान देते रहे हैं, जिनसे देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास होता है।

‎ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी केवल आलोचना करना नहीं, बल्कि रचनात्मक सुझाव देना भी होता है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस पार्टी केवल विरोध के लिए 'विरोध' की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब यह समझ चुकी है कि कांग्रेस के पास न तो कोई सकारात्मक एजेंडा है और न ही विकास का कोई स्पष्ट विजन। इसी कारण जनता लगातार चुनावों में कांग्रेस को नकारती रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित