रायपुर , सितंबर 14 -- छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रमों के सरकारीकरण के कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस का काम ही कुछ न कुछ राग अलापना है और उसे प्रधानमंत्री पद की गरिमा समझनी चाहिए।

मंत्री नेताम ने सोमवार को यहां कहा कि श्री मोदी विशेष पद पर बैठकर पिछले 25 वर्षों से देश और प्रदेश की सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में सेवा संकल्प अभियान चला रही है और इसके माध्यम से आम लोगों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि अभियान में सभी का सहयोग लिया जा रहा है और आमजन को भी इससे जोड़ा जा रहा है।

अंबिकापुर में 15 सितंबर से प्रस्तावित कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर पर निशाना साधते हुए श्री नेताम ने कहा कि कांग्रेस इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम करती रहती है लेकिन वह किस बात का प्रशिक्षण करती है यह लगातार सामने आता रहता है। उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर "गाली-गलौज" की स्थिति है। देश और प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को नीचे धकेल दिया है और इससे उबरना कांग्रेस के लिए बेहद मुश्किल है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे अभियानों के जरिए अपने जनाधार को बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन इसमें वह सफल नहीं होगी।

कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे पर श्री नेताम ने कहा कि कांग्रेस में इससे पहले भी कई "सुरमावीर" आते रहे हैं, उनका क्या हुआ, यह सभी ने देखा है। कांग्रेस में किसी के आने से कुछ नहीं होने वाला है।

भाजपा की ओर से कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को निशाना बनाते हुए जारी किए गए रैप वीडियो के संबंध में कृषि मंत्री ने कहा कि श्री बघेल ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया गया। पिछली सरकार की योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गईं और भाजपा इन्हीं बातों को जनता के सामने रखने का काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित