पन्ना , जनवरी 25 -- देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के बीट गार्ड जगदीश प्रसाद अहिरवार के उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि श्री अहिरवार ने अपने वन सेवा कार्यकाल के दौरान जंगलों में पाए जाने वाले सवा सौ से अधिक औषधीय पौधों की पहचान कर उनकी विस्तृत जानकारी संकलित की है। उन्होंने पौधों के स्थानीय नाम, वैज्ञानिक उपयोग, औषधीय गुण और पारंपरिक उपचार पद्धतियों से जुड़े तथ्यों को व्यवस्थित रूप से दर्ज किया। यह कार्य वर्षों की मेहनत, निरंतर अध्ययन और प्रकृति के प्रति गहरी समझ का परिणाम है।

श्री अहिरवार द्वारा संकलित इस जानकारी को संरक्षण और प्रचार की दृष्टि से वन विभाग ने "दक्षिण पन्ना के महत्वपूर्ण औषधि पौधे" नामक पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया है। इससे वन कर्मियों, शोधकर्ताओं, छात्रों और आयुर्वेद एवं औषधीय विज्ञान से जुड़े लोगों को लाभ मिल रहा है। यह पुस्तक जैव विविधता संरक्षण और पारंपरिक ज्ञान के दस्तावेजीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित