भोपाल , मई 28 -- भारतीय जनता पार्टी भोपाल नगर इकाई ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पांच जून से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जिला कार्यशाला में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
बैठक में विश्व पर्यावरण दिवस से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर रणनीति बनाई गई। इनमें "एक पेड़ मां के नाम" अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विशेष जनसंपर्क अभियान तथा योग दिवस कार्यक्रम शामिल हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए समितियों के संयोजक, सहसंयोजक और सदस्यों की घोषणा की। कार्यशाला में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, जिला प्रभारी जसवंत हाड़ा, महापौर मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रविंद्र यति ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर योजनाओं का प्रचार करेंगे। विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है तथा गरीब कल्याण और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित