पटना , मई 13 -- हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ.संतोष कुमार सुमन ने देशवासियों से प्रधानमंत्री की अपील को गंभीरता से लेने का आग्रह करते हुए कहा है कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी है।

डॉ.सुमन ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन बचाने और अनावश्यक रूप से गाड़ियों का उपयोग कम करने की अपील दूरदर्शी सोच का परिचायक है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने से न केवल देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

डॉ सुमन ने कहा कि यदि लोग छोटी दूरी के लिए पैदल चलने, साइकिल के उपयोग, सार्वजनिक परिवहन तथा साझा वाहन व्यवस्था को अपनाएं, तो ईंधन की बड़ी मात्रा बचाई जा सकती है, इससे आम लोगों के खर्च में भी कमी आएगी और प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि देशहित में प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए तथा ऊर्जा संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) प्रधानमंत्री श्री मोदी की इस अपील का समर्थन करती है और आम जनता से सहयोग की अपेक्षा करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित