पटना , जून 19 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्लोवाकिया के संसद अध्यक्ष (स्पीकर) रिचर्ड राशी को बिहार के पारंपरिक खाद्य पदार्थ 'ठेकुआ' भेंट किये जाने को पूरे बिहार के लिए गर्व और भावुक कर देने वाला क्षण बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री सरावगी ने आज बयान जारी कर कहा कि यह केवल एक मिठाई या प्रसाद नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक आस्था और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है।

श्री सरावगी ने कहा कि कभी गांव-घर और छठ पर्व तक सीमित रहने वाला ठेकुआ आज वैश्विक मंच पर बिहार की पहचान बनकर स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस आत्मीयता के साथ विदेशी गणमान्य अतिथि को ठेकुआ भेंट किया, उससे यह स्पष्ट होता है कि वे भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं और स्थानीय विरासत को विश्व मंच पर सम्मान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति, अनुशासन, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का महापर्व है। उन्होंने कहा कि ठेकुआ इस महापर्व का सबसे महत्वपूर्ण प्रसाद माना जाता है, जो बिहार की सांस्कृतिक आत्मा से जुड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री द्वारा इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना बिहार की संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित